Tuesday, 15 September 2026 | 4:19 AM
भारत

फर्रुखाबाद: होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, परिवहन चालकों को दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर प्रस्तावित एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आज एआरटीओ कार्यालय, फर्रुखाबाद में ऑटो, टैम्पो और ई-रिक्शा
Share:
फर्रुखाबाद: होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, परिवहन चालकों को दिए सख्त निर्देश
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर प्रस्तावित एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आज एआरटीओ कार्यालय, फर्रुखाबाद में ऑटो, टैम्पो और ई-रिक्शा चालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक पाली में करीब 7000 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में अन्य जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) कृष्ण कुमार यादव ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे किसी भी स्थिति में निर्धारित किराए से अधिक वसूली न करें। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थी जिले के अतिथि हैं और उनके साथ “अतिथि देवो भवः” की भावना से व्यवहार किया जाना चाहिए। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

वहीं एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने चालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाई जाएं और ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में न हो। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, तय मार्गों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था में बाधा न डालने पर जोर दिया। साथ ही बताया कि प्रवर्तन टीमें लगातार निगरानी रखेंगी और नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने चालकों से अपील की कि परीक्षा के दौरान प्रमुख परीक्षा केंद्रों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास विशेष सतर्कता बरतें तथा परीक्षार्थियों को समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने में सहयोग करें।

इस बैठक में करीब 42 वाहन चालक उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ सहयोग करने की अपेक्षा जताई है, ताकि परीक्षा को सफलतापूर्वक और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।