Tuesday, 15 September 2026 | 2:29 AM
भारत

फर्रुखाबाद:नाग पंचमी पर सकवाई में सजा भव्य दंगल, पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव-पेच

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अगस्त 2026 नाग पंचमी के अवसर पर मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम सकवाई स्थित शिव मंदिर परिसर में भव्य दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में क्षेत्रीय पहलवानों के साथ एटा, अलीगंज, जैथरा, छिबरामऊ, कुरावली और फिरोजाबाद समेत विभिन्न स्थानों से पहुंचे करीब 40 पहलवानों ने अखाड़े म
Share:
फर्रुखाबाद:नाग पंचमी पर सकवाई में सजा भव्य दंगल, पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव-पेच
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अगस्त 2026 नाग पंचमी के अवसर पर मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम सकवाई स्थित शिव मंदिर परिसर में भव्य दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में क्षेत्रीय पहलवानों के साथ एटा, अलीगंज, जैथरा, छिबरामऊ, कुरावली और फिरोजाबाद समेत विभिन्न स्थानों से पहुंचे करीब 40 पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम और कुश्ती के हुनर का प्रदर्शन किया।

दंगल की सबसे बड़ी कुश्ती टूंडला निवासी राहुल और आगरा निवासी करुआ के बीच हुई। दोनों पहलवानों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। जोरदार दांव-पेच के बाद राहुल ने बाजी मार ली। विजेता राहुल को करीब 8 हजार रुपये कीमत की रेंजर साइकिल के साथ 1100 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता करुआ को भी 1100 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके अलावा दंगल में मोहित-अमन, प्रिंस-प्रांशु, सोनू-मदन और हासिम-शिवा सहित कई पहलवानों के बीच रोमांचक कुश्तियां हुईं। कई मुकाबले बराबरी पर छूटे, जिनमें दोनों पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

दंगल का आयोजन अजय पाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में शैलेंद्र सिंह राठौड़ मौजूद रहे। व्यवस्थापक संजय सिंह, रमेश सिंह और रघुवीर सिंह ने आयोजन की व्यवस्थाओं को संभाला, जबकि रेफरी की भूमिका प्रमोद कुमार ने निभाई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना पुलिस का बल भी मौके पर तैनात रहा।

पहलवानों के दमदार दांव-पेच और रोमांचक मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रीय लोग अखाड़े में जुटे रहे। नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित यह दंगल ग्रामीण अंचल की पारंपरिक कुश्ती, खेल भावना और संस्कृति का शानदार संगम बन गया।