अरवल आईटीआई और प्राइवेट कंपनी के बीच MoU, युवाओं को मिलेगा रोजगार का बेहतर अवसर
द दस्तक 24
अरवल, 14 अक्टूबर । बिहार सरकार, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), अरवल ने युवाओं के रोजगार को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की है।
संस्थान एवं माइंड माइंस इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड, बोरिंग रोड, पटना के बीच दिनांक 14/10/2026 को समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य अरवल जिले के आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उद्योगों के साथ संस्थान के सहयोग को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर कंपनी की ओर से श्री आयुष कुमार, सुश्री सुरभि सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि तथा संस्थान की ओर से प्राचार्य श्री अख्तर परवेज, मुख्य अनुदेशक श्री अरविंद कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर श्री सुशील कुमार एवं प्लेसमेंट सेल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षणार्थियों को कंपनी की गतिविधियों, कार्यप्रणाली एवं रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही उद्योग जगत की अपेक्षाओं और रोजगार के लिए आवश्यक कौशल से भी परिचित कराया गया।
भविष्य में संस्थान में कैंपस प्लेसमेंट आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। संस्थान का कहना है कि इस सहयोग से अरवल जिले के सभी आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और युवा आत्मनिर्भर बनेंगे।