Monday, 14 September 2026 | 11:55 PM
मनोरंजन

कार जब्ती मामले में दुलकर सलमान को मिली राहत

मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार दुलकर सलमान को कार जब्ती मामले में केरल हाईकोर्ट से राहत मिली है। दरअसल, बीते दिनों कस्टम विभाग ने भूटान से लाए गए लग्जरी वाहनों की जांच में अभिनेता से जुड़े वाहनों को जब्त कर लिया था। इस घटना ने फिल्म इंडस्ट्री और फैंस दोनों को चौंका दिया था। अब इस मामले में केरल हाईकोर्
Share:
कार जब्ती मामले में दुलकर सलमान को मिली राहत
Read in your preferred language.

मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार दुलकर सलमान को कार जब्ती मामले में केरल हाईकोर्ट से राहत मिली है। दरअसल, बीते दिनों कस्टम विभाग ने भूटान से लाए गए लग्जरी वाहनों की जांच में अभिनेता से जुड़े वाहनों को जब्त कर लिया था। इस घटना ने फिल्म इंडस्ट्री और फैंस दोनों को चौंका दिया था। अब इस मामले में केरल हाईकोर्ट ने दुलकर सलमान को राहत दी है। साथ ही कस्टम विभाग से जवाब मांगा है।

लग्जरी कार जब्ती मामले में आज मंगलवार को एक्टर दुलकर सलमान को केरल हाईकोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने कस्टम विभाग के अधिकारियों से सवाल किए हैं। केरल हाईकोर्ट ने अभिनेता दुलकर सलमान से कहा है कि वे सीमा शुल्क अधिनियम के तहत प्राधिकरण से संपर्क करके लैंड रोवर डिफेंडर की अस्थायी रिहाई की मांग करें, जिसे सीमा शुल्क अधिकारियों ने 'ऑपरेशन नुमखोर' के तहत जब्त किया था। कोर्ट ने कहा है कि दुलकर सीमा शुल्क द्वारा जब्त की गई लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी को छुड़ाने के लिए सीमा शुल्क विभाग से संपर्क कर सकते हैं। उच्च न्यायालय ने सीमा शुल्क विभाग पर भी सख्ती दिखाई है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि सीमा शुल्क विभाग दुलकर द्वारा गाड़ी की रिहाई के लिए दायर आवेदन प्राप्त होने के एक सप्ताह के भीतर फैसला ले।

इतना ही नहीं, केरल उच्च न्यायालय ने मंगलवार को दुलकर सलमान की लैंड रोवर जब्त करने के मामले में सीमा शुल्क विभाग से पूछताछ भी की। लाइव लॉ की एक रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने पर्याप्त कारणों और सबूतों के अभाव का हवाला देते हुए सीमा शुल्क अधिकारियों से पूछा कि जब्ती किस आधार पर की गई? दुलकर की कार जब्त करने संबंधी याचिका पर सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने सीमा शुल्क अधिकारियों से पूछा, 'दस्तावेज क्या हैं? इस संबंध में आपके पास क्या सबूत हैं?

कर चोरी करने वाले और फर्जी पंजीकरण के जरिए भूटान से भारत में वाहन लाने वालों का पता लगाने के लिए 'ऑपरेशन नुमखोर' के तहत दुलकर के घर पर छापेमारी के बाद वाहन को सीमा शुल्क विभाग ने हिरासत में ले लिया था। इसके बाद दुलकर ने विभाग की इस कार्रवाई को जल्दबाजी और मनमानी बताते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्हें कोर्ट से इस मामले में अस्थाई राहत मिल गई है।