फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) कानपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कानपुर श्री यमुना प्रसाद ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ थाना मेरापुर क्षेत्रांतर्गत धार्मिक स्थल संकिसा का भ्रमण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने संकिसा में आयोजित होने वाले बौद्ध महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों से महोत्सव के आयोजन, स्थानीय व्यवस्थाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान उन्होंने महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी भी ली।
इसके बाद पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हिन्दू एवं बौद्ध धर्म समुदाय के अनुयायियों के साथ वार्ता की गई। इस दौरान क्षेत्र की स्थिति तथा बौद्ध महोत्सव से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपेक्षा की। संकिसा में होने वाले बौद्ध महोत्सव को लेकर प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियों और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है।
