Monday, 14 September 2026 | 5:38 PM
UP News

फर्रुखाबाद में झूलते बिजली तार बने मुसीबत, हादसे का खतरा बढ़ा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 मार्च 2026 जनपद के मोहल्ला सलामत खां स्थित रहमानी स्कूल के पास वाली गली में बिजली के झूलते तार इन दिनों मोहल्ले वासियों के लिए बड़ी परेशानी और संभावित खतरे का कारण बने हुए हैं। गली में जगह-जगह बिजली के तार नीचे लटकते दिखाई दे रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता
Share:
फर्रुखाबाद में झूलते बिजली तार बने मुसीबत, हादसे का खतरा बढ़ा
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 मार्च 2026 जनपद के मोहल्ला सलामत खां स्थित रहमानी स्कूल के पास वाली गली में बिजली के झूलते तार इन दिनों मोहल्ले वासियों के लिए बड़ी परेशानी और संभावित खतरे का कारण बने हुए हैं। गली में जगह-जगह बिजली के तार नीचे लटकते दिखाई दे रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

मोहल्ले में ट्रांसफार्मर और बिजली के तारों का मकड़जाल फैला हुआ है। घरों के बाहर लगाए गए बिजली मीटर दीवारों पर काफी नीचे लटकाए गए हैं, जिससे उनके क्षतिग्रस्त होने और करंट फैलने का खतरा बना रहता है। गली में कोई लोहे का पोल नहीं लगाया गया है। मोहल्ले के लोगों ने चंदा इकट्ठा कर लकड़ी के सहारे से लगभग 300 मीटर दूर स्थित ट्रांसफार्मर तक बिजली लाइन पहुंचाई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि गर्मियों का मौसम नजदीक है और जैसे ही लोड बढ़ता है, केबल कई जगहों पर गर्म हो जाती है। इससे आग लगने या तार टूटने की आशंका बनी रहती है। गली में आने-जाने और बैठने वाले लोगों को हर समय डर के साये में रहना पड़ रहा है।

सोमवती, रवि कुमार, अर्जुन, विजू, शिवानी, गुड़िया, मनोज, शीला गुप्ता, बीरेंद्र कुमार, महेंद्र सहित दो दर्जन से अधिक लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों को फोन करने पर भी कॉल रिसीव नहीं की जाती।

मोहल्लेवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि झूलते तारों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए, उचित पोल लगाए जाएं और ट्रांसफार्मर के पास फैले तारों के जाल को व्यवस्थित किया जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले ही समस्या का समाधान हो सके।