रंग-बिरंगी रोशनी में सजी यादगार शाम
पारंपरिक गरबा से लेकर आधुनिक धुनों तक कलाकारों ने बांधा समां, देर रात तक झूमते रहे शहरवासी
द दस्तक 24 , शेरघाटी (गया) : दुर्गा पूजा के उल्लास और नवरात्र की उमंग के बीच गुरुवार को शेरघाटी के पोद्दार मैरिज हॉल परिसर में नवरात्रि डांडिया नाइट सीजन-4 का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, मधुर संगीत और डांडिया की थाप पर पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने गरबा व डांडिया की धुन पर जमकर ठुमके लगाए। पारंपरिक गीतों से लेकर आधुनिक संगीत तक कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि देर रात तक लोगों का उत्साह बरकरार रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम सह प्रशिक्षु आइएएस जतिन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने नवरात्र और विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि एसडीएम जतिन कुमार के साथ एडुकेयर के निदेशक जय कुमार गिरी, पत्रकार कौशलेन्द्र कुमार, नवीन मिश्रा, प्रदीप भारद्वाज, कवि मुकेश, रमेश कुमार, एसआइ आभांश सिंह और पूजा कुमारी को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
फर्स्ट स्टेप डांस एंड फिटनेस एकेडमी के निदेशक एवं कार्यक्रम के आयोजक प्रिंस कश्यप ने बताया कि डांडिया नाइट का यह चौथा आयोजन था। इसमें शहर के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आकर्षक मंच और विशाल पंडाल में सेल्फी व वीडियो बनाने का भी लोगों में खासा उत्साह दिखा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रूपेश शर्मा, मनीष कुमार, आकाश डिसूजा, चौरसिया इवेंट, एडुकेयर पब्लिक स्कूल, गीतविजय, बंगाल स्वीट्स, पीके ब्यूटी पार्लर एंड सैलून, रुही केक शॉप, राकेश अग्रवाल बुक सेंटर, डॉ. रजनी अग्रवाल, कवि मुकेश और रमेश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।