Friday, 30 October 2026 | 7:30 PM
भारत

बेगूसराय में भाकपा की बैठक संपन्न

मतदाता पुनरीक्षण के नाम पर वैध मतदाता का नाम हटाने का आरोप साहेबपुरकमाल से डॉ राम उदय शर्मा
Share:
बेगूसराय में भाकपा की बैठक संपन्न

साहेबपुरकमाल (बेगूसराय),13 अक्टूबर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की साहेबपुरकमाल अंचल परिषद की बैठक प्रभाकर सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए अंचल सचिव मनोज कुमार ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाया और  उन्होंने आरोप लगाया कि पुनरीक्षण के नाम पर वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे गरीब और बेसहारा लोगों के सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होने की आशंका है। भाकपा नेता प्रताप नारायण सिंह ने कहा कि पार्टी की आत्मा उसकी शाखाओं में निवास करती है। उन्होंने जानकारी दी कि दुर्गा पूजा के बाद 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक सभी शाखाओं की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में जनसमस्याओं पर चर्चा कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उन्होंने अमेरिका की ओर से भारतीय उद्योगपतियों पर लगाए गए टैरिफ संबंधी प्रभावों और प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार तथा विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में आम लोगों के निवेश को हो रहे नुकसान पर भी चिंता जताने की जरूरत है। साथ ही, 10 अक्टूबर को दिल्ली में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने देश में आपातकाल जैसी स्थिति होने का आरोप लगाया। भाकपा नेताओं ने कहा कि संविधान की रक्षा और आम जनता के अधिकारों की सुरक्षा के लिए पार्टी को सड़क से संसद तक संघर्ष करने की जरूरत है।
बैठक में भाकपा की राष्ट्रीय परिषद सदस्य ललिता कुमारी, रामकुमार सिंह, गोपाल पोद्दार, सरफराज आलम, महफूज आलम, अनवर आलम, मोहम्मद नौशाद, सौरभ कुमार सिंह, रामप्रवेश महतो, वीरेंद्र पंडित, गणेश चौधरी, भावेश कुमार, रतन कुमार पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।