Tuesday, 15 September 2026 | 5:58 AM
भारत

बरेली: पत्रकार पर हमले का मामला गरमाया: सांसद नीरज मौर्य ने गृह मंत्री को लिखा पत्र, सनराइज अस्पताल की जांच की मांग

सनराइज अस्पताल में कवरेज के दौरान पत्रकार संतोष कुमार शाक्य पर हुए हमले को लेकर अब मामला संसद तक पहुँच गया है। आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य ने इस गंभीर घटना और अस्पताल पर लगे भारी आरोपों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री को विस्तृत पत्र भेजा है। सांसद ने पत्र में पत्रकार पर हुए हमले को लोकतांत
Share:
बरेली: पत्रकार पर हमले का मामला गरमाया: सांसद नीरज मौर्य ने गृह मंत्री को लिखा पत्र, सनराइज अस्पताल की जांच की मांग
Read in your preferred language.

सनराइज अस्पताल में कवरेज के दौरान पत्रकार संतोष कुमार शाक्य पर हुए हमले को लेकर अब मामला संसद तक पहुँच गया है। आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य ने इस गंभीर घटना और अस्पताल पर लगे भारी आरोपों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री को विस्तृत पत्र भेजा है। सांसद ने पत्र में पत्रकार पर हुए हमले को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

सांसद नीरज मौर्य ने अपने पत्र में बताया कि पत्रकार संतोष शाक्य ने उन्हें प्रार्थना-पत्र देकर अवगत कराया कि 28 नवंबर को ग्राम खुर्दा तहसील बहेड़ी के युवक की मृत्यु के मामले में कवरेज करने पहुंचे थे। इसी दौरान सनराइज अस्पताल के मैनेजर सोहेल खान तथा स्टाफ द्वारा पत्रकार को बुरी तरह मारा-पीटा गया, धमकाया गया और उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। घटना की तहरीर इज्जतनगर थाने में दे दी गई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

पत्र में सांसद ने उल्लेख किया कि अस्पताल पर पहले भी अवैध वसूली, आयुष्मान कार्ड जब्त करने, फर्जी बिलिंग और एंबुलेंस रैकेट चलाने जैसे गंभीर आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में संचालित हो रहे ऐसे रैकेट पर समय रहते कार्रवाई न हुई तो यह जन-स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। सांसद ने गृह मंत्री से आग्रह किया है कि मामले की गहन जांच कराते हुए संबंधित जिम्मेदारों पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए।

सांसद मौर्य ने यह भी कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आंख होते हैं, और उनके साथ इस तरह की हिंसा किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग व राज्य शासन को इस पूरे प्रकरण पर तत्काल संज्ञान लेने का भी अनुरोध किया है।