कलेर प्रखंड के मेहंदिया एवं पहलेजा स्थित पूजा पंडालों का विशेष रूप से निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
द दस्तक 24,अरवल, दिनांक 17 अक्टूबर।
दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 17 अक्टूबर को जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस द्वारा जिले के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विशेष रूप से कलेर प्रखंड अंतर्गत मेहंदिया एवं पहलेजा में अवस्थित पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्ग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन संबंधी तैयारियों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं पूजा समितियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
जिला पदाधिकारी ने पूजा स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही, भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने पूजा समिति के सदस्यों से संवाद स्थापित करते हुए प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, श्रद्धा एवं सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण पर्व है। इसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों एवं जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि दुर्गा पूजा के अवसर पर जिला प्रशासन, अरवल द्वारा विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण एवं आमजनों की सहायता हेतु 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है, जिसके दूरभाष नंबर 06337-229494, 06337-228191, 06337-228008 एवं 06337-228984 तथा व्हाट्सएप नंबर 8235230817 हैं।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएँ, अफवाहों से बचें तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन में प्रशासन का सहयोग करें।
निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, अरवल श्री संजीव कुमार सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।