Friday, 30 October 2026 | 6:41 PM
भारत

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर प्रशासन मुस्तैद

Share:
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर प्रशासन मुस्तैद
विशेष वाहन जांच अभियान में 10 वाहनों से वसूला गया 1 लाख 29 हजार का जुर्माना 
नवादा से द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा 

 रजौली थाना क्षेत्र में जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार के दिशा-निर्देशों और प्रवर्तन अवर निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में रजौली क्षेत्र में यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर एक विशेष और सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया है। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से एनएच-20 जांच चौकी समेत प्रमुख मार्गों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान बस, ट्रक, पिकअप और मोटरसाइकिल समेत कुल 10 वाहनों से 1 लाख 29 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना वसूला गया। गत 5 अक्टूबर से लगातार जारी इस अभियान के तहत दोपहिया चालकों के हेलमेट, चारपहिया चालकों के सीट बेल्ट, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल के इस्तेमाल और वाहनों के वैध कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है। इस दौरान बिना हेलमेट यात्रा कर रहे लोगों को यह संदेश दिया गया कि "मत करो इतनी मस्ती, जीवन नहीं है सस्ती।" अधिकारियों द्वारा न केवल चालकों बल्कि यात्रियों को भी सड़क की दाईं या गलत दिशा में चलने के बजाय सुरक्षित नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ जिला प्रशासन ने दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य कर दिया है। इसके अलावा, शहरी क्षेत्रों में नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों, बिना पंजीकरण सड़कों पर दौड़ने वाले ई-रिक्शा और टोटो चालकों पर भी कड़ा रुख अपनाया गया है। शोरूम संचालकों को भी यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना पंजीकरण के किसी भी वाहन को बाहर न भेजें। प्रशासन का यह विशेष वाहन जांच अभियान अनवरत और प्रभावी रूप से जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।