कासगंज। विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदाता सूची में छूटे हुए नाम शामिल कराने के लिए शनिवार, 17 अक्टूबर को जनपद में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदान स्थलों पर मौजूद रहकर छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार मतदान के पात्र युवाओं से फॉर्म-6 भरवाकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद यह विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—100-कासगंज, 101-अमांपुर और 102-पटियाली के सभी निर्धारित मतदान स्थलों पर बीएलओ एवं पदाभिहित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे फॉर्म-6, 7 और 8
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान ऐसे नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तथा पहली बार मतदाता बनने के पात्र युवा फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकेंगे। इसके साथ ही मतदाता सूची में संशोधन एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सुपरवाइजरों को मतदान केंद्रों का भ्रमण कर अभियान की निगरानी करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने अथवा विवरण में संशोधन के लिए नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।
प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाकर अपनी पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और आवश्यक संशोधन कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे।