फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता रैली में 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के लगभग 100 एनसीसी कैडेटों सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से एनपीजी कॉलेज स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा से प्रातः 11 बजे हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में शामिल एनसीसी कैडेटों एवं विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। ‘भारत माता की जय’, ‘सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के कमान अधिकारी कर्नल अमरजीत सिंह मलिक ने उपस्थित एनसीसी अधिकारियों, कैडेटों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने, राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने तथा आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कर्नल अमरजीत सिंह मलिक ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता एवं कुशल नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका जीवन सभी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, एकजुट रहने तथा देशसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का उद्देश्य केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को जागृत करना है। एनसीसी कैडेटों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है, क्योंकि वे अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, एडम ऑफिसर कर्नल अमनदीप सिंह खारोड, कैप्टन गिरिजा शंकर, सूबेदार गिरिराज किशोर, हवलदार कमल सहित एनसीसी के सैन्य अधिकारी, विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
