Saturday, 03 October 2026 | 4:53 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:गांधी जयंती पर म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में राष्ट्रभक्ति की गूंज, 550 विद्यार्थियों ने निकाली प्रभात फेरी

फतेहगढ़ के म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। 50 एनसीसी कैडेट्स सहित करीब 550 विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकाली, जबकि एनसीसी कैडेट्स ने साइकिल रैली के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और अहिंसा का संदेश दिया।
Share:
फर्रुखाबाद:गांधी जयंती पर म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में राष्ट्रभक्ति की गूंज, 550 विद्यार्थियों ने निकाली प्रभात फेरी
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 02 अक्टूबर 2026 राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षाधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह की उपस्थिति में प्रधानाचार्य कैप्टन गिरिजा शंकर के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुए।

प्रातः 7:30 बजे स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम से पुलिस लाइन, फतेहगढ़ तक विद्यालय के 50 एनसीसी कैडेट्स एवं लगभग 500 विद्यार्थियों ने भव्य प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी का शुभारंभ जिला न्यायाधीश द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय”, “महात्मा गांधी अमर रहें”, “लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें” तथा “अहिंसा परमो धर्मः” जैसे नारों के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

विद्यार्थियों के हाथों में महापुरुषों के आदर्शों, अहिंसा और राष्ट्रीय एकता से संबंधित तख्तियां थीं। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स का उत्साह और अनुशासन आकर्षण का केंद्र रहा।

इसी क्रम में 12 यूपी बटालियन एनसीसी, फतेहगढ़ के कमान अधिकारी के निर्देशन में एनसीसी कैडेट्स द्वारा साइकिल रैली भी निकाली गई। रैली की अगुवाई विद्यालय के प्रधानाचार्य कैप्टन गिरिजा शंकर ने की।

प्रातः 9 बजे विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं शपथ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। शिक्षक अशोक कठेरिया, विश्व प्रकाश सहित अन्य वक्ताओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य कैप्टन गिरिजा शंकर ने कहा कि म्युनिसिपल इंटर कॉलेज से प्रतिवर्ष लगभग 6 से 7 एनसीसी कैडेट्स भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार विद्यालय के विद्यार्थियों का गणतंत्र दिवस परेड (आरडीसी) के लिए चयन होना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। इस वर्ष विद्यालय के छात्र मोहित, कार्तिक एवं अंशु का आरडीसी परेड के लिए चयन हुआ है। उन्होंने पूर्व छात्र देवांश सहित सभी चयनित कैडेट्स को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट देवेश यादव ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से अहिंसा, सद्भाव एवं अनुशासन को अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर खेलकूद प्रतियोगिता में चैंपियनशिप जीतने वाले छात्र कृष्णा तथा जोनल रैली प्रतियोगिता में विजयी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक डॉ. दिनेश चन्द्रा ने किया। अंत में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर शिक्षक मयंक रस्तोगी, अशोक कठेरिया, प्रदीप जायसवाल, अरविंद कुमार, रामेश्वर दयाल, विश्व प्रकाश, प्रबल प्रताप सिंह, निरुक्त मिश्रा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

समूचा आयोजन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, महापुरुषों के आदर्शों और राष्ट्रसेवा की भावना से ओतप्रोत रहा।