लखीमपुर: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा की स्वास्थ्य टीम द्वारा गुरुवार को हरदी गांव में मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। कैंप में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मेडिकल कैंप के दौरान कुल 54 मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार दवाएं वितरित की गईं। वहीं 9 मरीजों की मलेरिया तथा 4 मरीजों की डेंगू जांच की गई। सभी जांचों के परिणाम निगेटिव पाए गए।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई रखने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
सीएचसी धौरहरा की टीम ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया।