Saturday, 03 October 2026 | 4:54 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:सीपी विद्या निकेतन कायमगंज में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती

कायमगंज स्थित सीपी विद्या निकेतन में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम और प्रेरणादायक माहौल में मनाई गई। विद्यार्थियों ने स्वच्छता तथा गांधी जी के तीन बंदरों के माध्यम से सत्य, सदाचार और अच्छे विचारों का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिव ओम अंबर को गांधी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
Share:
फर्रुखाबाद:सीपी विद्या निकेतन कायमगंज में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 02 अक्टूबर 2026 राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सीपी विद्या निकेतन, कायमगंज में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और दोनों महापुरुषों के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री शिव ओम अंबर तथा सम्मानित अतिथियों के रूप में रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शिरीष मल्होत्रा एवं ताइक्वांडो एसोसिएशन फर्रुखाबाद के सचिव संजय सिंह उपस्थित रहे।

विद्यालय के बच्चों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही गांधी जी के तीन बंदरों के माध्यम से बुरा न बोलो, बुरा मत सुनो और बुरा मत देखो का संदेश प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को नैतिक मूल्यों और सदाचार के प्रति प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि श्री शिव ओम अंबर ने अपने संबोधन में लाल बहादुर शास्त्री के संघर्षमय जीवन से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, त्याग और देशसेवा की मिसाल था। देश में आर्थिक संकट और अन्न की कमी के समय उनके आह्वान पर लोगों द्वारा एक समय का भोजन छोड़ने जैसे उदाहरणों से उनके प्रति जनता के सम्मान और विश्वास को समझाया।

उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अहिंसा, स्वच्छता, स्वाभिमान, स्वावलंबन और सत्य के सिद्धांतों पर भी प्रकाश डाला। साथ ही समाज से छुआछूत जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के गांधी जी के प्रयासों को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी की अहिंसा का सिद्धांत आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है।

वक्ताओं ने विद्यार्थियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन को पढ़ने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री शिव ओम अंबर को गांधी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का माहौल प्रेरणादायक रहा। विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने तथा स्वच्छ, सत्यनिष्ठ और जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।