फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 07 अक्टूबर 2026 म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में प्रधानाचार्य कैप्टन गिरिजा शंकर की अध्यक्षता में संचारी रोग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी सीएमओ परीक्षित सफीर रहे। इस दौरान लगभग 600 छात्र एवं 50 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. नरजीत कटियार ने छात्रों को संचारी रोगों के कारण, उनके फैलने के माध्यम और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया सहित विभिन्न संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता बनाए रखना और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना बेहद जरूरी है।
प्रधानाचार्य कैप्टन गिरिजा शंकर ने छात्रों को बताया कि जो रोग एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति, पशु से मनुष्य अथवा संक्रमित वातावरण के माध्यम से फैलते हैं, उन्हें संचारी रोग कहा जाता है। ये रोग वायरस, बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्मजीवों के कारण हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि संचारी रोग हवा एवं श्वसन बूंदों, दूषित पानी और भोजन, मच्छरों एवं अन्य कीटों, संक्रमित व्यक्ति या वस्तुओं के संपर्क तथा कुछ मामलों में संक्रमित रक्त एवं पशुओं के संपर्क से फैल सकते हैं। बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी, उल्टी-दस्त और त्वचा पर चकत्ते इनके सामान्य लक्षण हो सकते हैं।
प्रधानाचार्य ने छात्रों से नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, खांसते-छींकते समय मुंह और नाक ढकने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने घर और विद्यालय के आसपास पानी जमा न होने देने, आवश्यक टीकाकरण कराने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक की सलाह लेने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक डॉ. दिनेश चंद्रा ने किया। इस अवसर पर शिक्षक प्रदीप जायसवाल, विश्व प्रकाश, अरविंद कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।