फर्रुखाबाद में जिला आयुष समिति की मासिक बैठक सम्पन्न, सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जनवरी 2026 जिला आयुष समिति फर्रुखाबाद के शासी एवं कार्यकारी निकाय की मासिक बैठक मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आयुष सेवाओं, आयुष्मान कार्ड, राजस्व वसूली, सीएम डैशबोर्ड सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक आयुष शिविर लगाने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति नहीं है, जिस पर नाराजगी जताते हुए योग प्रशिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति हेतु प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

आयुष्मान कार्ड की धीमी प्रगति पर सख्ती

आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कहा कि प्रतिदिन आयुष्मान कार्ड बनने की गति अत्यंत धीमी है, जबकि शासन को प्रतिदिन की रिपोर्ट भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि कमालगंज में 120 तथा राजेपुर में 149 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिदिन कम से कम 1000 आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों को परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।

राजस्व वसूली और रैंकिंग की समीक्षा

कर्क रेखा की बैठक के दौरान बताया गया कि जीएसटी का लक्ष्य 7 करोड़ 10 लाख के सापेक्ष 4 करोड़ 40 लाख की वसूली हुई है, जिसमें प्रदेश स्तर पर फर्रुखाबाद की रैंक 16 रही। वहीं आबकारी विभाग की प्रदेश में रैंक 36 रही।

आलू के निम्न भाव के कारण सातनपुर मंडी अपना लक्ष्य प्राप्त नहीं कर सकी, जिसकी रैंक 61 रही, हालांकि 13.13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

सीएम डैशबोर्ड में सुधार के निर्देश

सीएम डैशबोर्ड में फर्रुखाबाद की रैंक 68 होने पर अपर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को रैंक सुधारने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सुधार न होने की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।