फर्रुखाबाद में डिजिटल जनगणना 2027 को लेकर बैठक, अधिकारियों को दी गई विस्तृत जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 मार्च 2026 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में मंगलवार सायंकाल 4:00 बजे भारत की पहली डिजिटल जनगणना 2027 के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी जनगणना पारखी भार्गव ने बताया कि देश में पहली बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इस प्रक्रिया में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित मानदेय भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में सम्पन्न होगी। पहले चरण में मकान गणना का कार्य किया जाएगा, जो मई और जून माह में प्रस्तावित है। इसके बाद दूसरे चरण में जनगणना का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण पहले ही पूरा हो चुका है और जल्द ही फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा। बैठक के दौरान सभी तहसीलों के लेखपालों को जनगणना से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य की विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक बारीकियों के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि किसी भी गांव के दो मजरों को मिलाकर एक खंड बनाया जा सकता है, लेकिन नगर क्षेत्र में दो वार्डों को मिलाकर एक खंड नहीं बनाया जाएगा। यदि किसी क्षेत्र के मध्य में सड़क या नदी आती है तो उसे विभाजन रेखा मानते हुए दो अलग-अलग खंड बनाए जाएंगे। किसी भी स्थिति में नदी या सड़क को नक्शे में काटा नहीं जाएगा।

यह भी बताया गया कि सबसे पहले भौतिक रूप से कागज पर नक्शा तैयार किया जाएगा और उसी के आधार पर कंप्यूटर में डिजिटल नक्शा बनाया जाएगा। बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।

इस अवसर पर सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ज्योति चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment