फर्रुखाबाद में सर्जरी विभाग की बड़ी सफलता: जिला अस्पताल में 11 जटिल ऑपरेशन निःशुल्क संपन्न, सैफई से रेफर मरीज को मिला नया जीवन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जून 2026 डॉ. राम मनोहर लोहिया (आर.एम.एल.) जिला पुरुष चिकित्सालय, फर्रुखाबाद के सर्जरी विभाग ने एक बार फिर अपनी दक्षता और उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं का परिचय देते हुए कुल 11 सफल ऑपरेशन संपन्न किए हैं। इनमें सैफई मेडिकल कॉलेज से रेफर किया गया एक अत्यंत जटिल एवं मोटापे (ओबेसिटी) से ग्रसित मरीज भी शामिल था, जिसका सफल उपचार कर चिकित्सकों ने नई उम्मीद जगाई है।

सर्जरी विभाग के अनुसार जटिल केस को विशेषज्ञ टीम द्वारा सावधानीपूर्वक प्रबंधित किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीज को ‘श्री रामचरितमानस’ की प्रति भेंट की गई, जिसका पाठ कर वह अपने नवजीवन की सकारात्मक शुरुआत कर रहा है।

सर्जरी विभाग द्वारा किए गए ऑपरेशनों में 3 गॉल ब्लैडर, 1 वयस्क हर्निया, 1 छह वर्षीय बच्चे का कॉन्जेनिटल हर्निया, 1 कॉम्प्लेक्स फिस्टुला तथा 4 अन्य सामान्य सर्जिकल मामलों का सफल उपचार शामिल है।

विशेष बात यह रही कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी मरीजों का उपचार जिला चिकित्सालय में पूर्णतः निःशुल्क (शून्य लागत) किया गया, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय परिवारों को बड़ी राहत मिली। इससे यह भी सिद्ध हुआ कि जिला अस्पतालों में अब जटिल सर्जरी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं।

सर्जन मेजर (डॉ.) रोहित तिवारी ने बताया कि अस्पताल की पूरी टीम मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से अब कई जटिल मामलों का सफल उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो रहा है।

यह उपलब्धि न केवल चिकित्सालय की कार्यक्षमता को दर्शाती है, बल्कि आमजन के बीच सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास को भी मजबूत करती है।

Leave a Comment