फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जून 2026 जनपद में जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। तहसील कायमगंज सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 216 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 76 मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे, जबकि पुलिस विभाग की 54, विकास विभाग की 32, विद्युत विभाग की 28, खाद्य एवं रसद विभाग की 5, नगर विकास विभाग की 8 तथा अन्य विभागों की 13 शिकायतें शामिल रहीं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाया। क्षेत्र मऊ रशीदपुर के लेखपाल योगेंद्र यादव एवं संबंधित राजस्व निरीक्षक शिवनारायण तिवारी के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए गए। वहीं क्षेत्र बलीपुर के लेखपाल कप्तान सिंह के खिलाफ प्राप्त शिकायत की जांच कराकर दोष सिद्ध होने पर निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण मौके पर जाकर, निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ किया जाए तथा फरियादी की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त शिकायतों के प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया। जिला प्रशासन की इस सख्ती से स्पष्ट है कि जनता की शिकायतों के समाधान में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई की जाएगी।
