फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत के नेतृत्व में जनपद में ओवरलोड वाहनों, अवैध रूप से संचालित डग्गेमार बसों तथा कर बकाया वाले वाहनों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 10 वाहनों को विभिन्न अभियोगों में सीज करते हुए 2.38 लाख रुपये का जुर्माना एवं कर आरोपित किया गया।
प्रवर्तन अभियान के दौरान 4 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर उन पर 98 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं 2 डग्गेमार बसों को भी सीज करते हुए 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा 4 कर बकाया वाले वाहनों को सीज कर 75 हजार रुपये का कर आरोपित किया गया।
परिवहन विभाग ने कर बकाया वसूली को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। विभाग द्वारा 1,158 वाहन स्वामियों को कर जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, जिन पर 11 करोड़ 93 लाख 1 हजार रुपये (1193.01 लाख रुपये) का कर बकाया है। इसके अतिरिक्त 146 वाहन स्वामियों के विरुद्ध 1 करोड़ 20 लाख 16 हजार रुपये (120.16 लाख रुपये) की वसूली के लिए वसूली प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। इनकी वसूली अब राजस्व विभाग द्वारा की जाएगी।
परिवहन विभाग के अनुसार कर बकाया वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है। जनपद के विभिन्न थानों में सीज किए गए 30 कर बकाया वाहनों की नीलामी भी कराई जा चुकी है। शेष सीज वाहनों के विरुद्ध भी जल्द ही नीलामी की कार्रवाई प्रस्तावित है।
एआरटीओ (प्रवर्तन) ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, अवैध संचालन पर रोक लगाने तथा सरकारी राजस्व की वसूली के उद्देश्य से ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
