मैनपुरी पुलिस के खाते में बड़ी उपलब्धि, थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी को मिला वीरता पदक
दो लाख रुपये के इनामी बदमाश से मुठभेड़ में दिखाई थी बहादुरी, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सम्मानित
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी पुलिस के लिए गौरव का क्षण है। थाना एलाऊ के थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी को उनके साहस और वीरता के लिए प्रदेश सरकार की ओर से वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
बताया जा रहा है कि मैनपुरी पुलिस के इतिहास में पहली बार किसी पुलिस अधिकारी को इस तरह वीरता पदक से सम्मानित किए जाने से पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। वीरता पदक मिलने के बाद जनपद मैनपुरी पुलिस का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
दो लाख के इनामी बदमाश से हुई थी मुठभेड़
थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी की तैनाती के दौरान पुलिस टीम की दो लाख रुपये के इनामी बदमाश जीतू ठाकुर से मुठभेड़ हुई थी। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में बदमाश जीतू ठाकुर मारा गया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी ने अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। कई राउंड फायरिंग के बीच पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। इसी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए उन्हें वीरता पदक के लिए सम्मानित किया गया।
मैनपुरी में कई महत्वपूर्ण मामलों का किया खुलासा
अवनीश त्यागी पूर्व में थाना बिछवां के थानाध्यक्ष भी रह चुके हैं। मैनपुरी में तैनाती के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण आपराधिक घटनाओं के खुलासे और वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली और पुलिसिंग को लेकर विभाग में भी उनकी सराहना की जाती रही है।
लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद मैनपुरी पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल है। पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी समेत पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी को बधाई दी।
वहीं क्षेत्र के समाजसेवियों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी वीरता पदक मिलने पर खुशी जताते हुए इसे मैनपुरी जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया