लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 मार्च 2026 मौर्य, शाक्य, सैनी एवं कुशवाहा समाज के महापुरुषों के सम्मान को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज होती जा रही है। राजधानी लखनऊ के चौक स्थित प्रदेश कार्यालय में 29 मार्च को मौर्य शाक्य सैनी कल्याण एसोसिएशन के तत्वावधान में सम्राट अशोक जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की उपस्थिति रही और महापुरुषों के सम्मान एवं अधिकारों को लेकर आवाज़ उठाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा सम्राट अशोक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार गिरीश चंद्र कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के महापुरुषों—चंद्रगुप्त मौर्य, सम्राट अशोक, सावित्रीबाई फुले, ज्योतिबा फुले और जगदेव प्रसाद—के जन्मदिवस को हर घर में उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने समाज से अपील की कि अपने घरों में इन महापुरुषों के चित्र स्थापित कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दें।
गिरीश चंद्र कुशवाहा ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा सम्राट अशोक जयंती पर कोई आधिकारिक कार्यक्रम या संदेश न देना समाज की उपेक्षा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समाज देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन इसके बावजूद इसे अपेक्षित सम्मान नहीं मिल रहा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार द्वारा सम्राट अशोक और चंद्रगुप्त मौर्य की जयंती पर अवकाश घोषित नहीं किया गया और उनके नाम पर स्मारक व प्रतिमाएं स्थापित नहीं की गईं, तो इसका राजनीतिक परिणाम 2027 के चुनाव में देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि समाज अब जागरूक हो चुका है और समय आने पर इसका जवाब देने में सक्षम है।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने एक स्वर में महापुरुषों के सम्मान और सामाजिक अधिकारों की मांग को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
