लोकसभा चुनाव 2019: एक हजार पाकिस्तानी प्रवासी पहली बार करेंगे वोट

पाकिस्तान से साल 2001 में भारत आए 90 वर्षीय रेवाराम भील ने 18 वर्षों का लंबा इंतजार आज के दिन के लिए किया है। सोमवार को आखिकर वह पहलीबार भारतीय चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। उन्हें एक जनवरी को भारतीय नागरिकता दी गई है।

रेवाराम पाकिस्तान के तोन्डो सुमरो से आए उन एक हजार पाकिस्तानी अप्रावसियों में शामिल हैं जो जोधपुर में पहली बार जोधपुर में अपना वोट डालेंगे। राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से आज यानि सोमवार को 13 सीटों पर चुनाव हो रहा है, जिनमें जोधपुर भी शामिल है।

सेवाराम भील के बेटे गोवर्धन भी ने कहा- “हम 18 मई 2001 को भारत आए। उसके बाद से हम लगातार नागरिकता के लिए इंतजार कर रहे थे। इस साल एक जनवरी को मुझे, मेरी पत्नी और मेरे पिता को नागरिकता दी गई।”

गोवर्धन भील ने पाकिस्तान में होम्योपैथी और नर्सिंग के पढ़ाई की है। वे जोधपुर के राधा भील बस्ती में रहते हैं। उन्होंने कहा- “हम उन भाग्यशाली लोगों में शामिल हैं जिन्हें भारतीय नागरिकता मिली। भारतीय नागरिकता का सैकड़ों की तादाद में लोग इंतजार कर रहे हैं।”

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में आज 9 राज्यों के 72 सीटों पर आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। इसके साथ ही लोकसभा की 543 सीटों में दो तिहाई सीटों (373) पर मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इस चरण के साथ ही राजस्थान, मध्यप्रदेश और झारखंड में मतदान की शुरुआत हो गई है। इस चरण में कुल 12.79 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 1.4 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 943 प्रत्याशियों की किस्मत मतदाता ईवीएम में बंद होगी।

इस चरण में बिहार की पांच, झारखंड की तीन, मध्य प्रदेश की छह, राजस्थान की 13, महाराष्ट्र की 17, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की 13 और पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर वोटिंग होगी। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट पर दूसरे चरण में कुलगाम में वोट डाले जाएंगे। तीसरे चरण में यहां के अनंतनाग विधानसभा क्षेत्र में मतदान हुआ था। पूरी प्रक्रिया पांचवे चरण में पूरी होगी।