लखीमपुर खीरी : एसपी ने कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत मंदिर सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लिया जायजा, दिए निर्देश

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने मंगलवार को छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला शिव मंदिर, भूतनाथ मंदिर, पार्किंग स्थलों तथा प्रमुख यात्रा मार्गों व चौराहों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर के आंतरिक एवं बाहरी हिस्सों, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल प्वाइंट, सुरक्षा ड्यूटी, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। एसपी ने कावड़ यात्रा से संबंधित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण करते हुए वाहनों के सुव्यवस्थित संचालन, प्रवेश एवं निकास मार्ग, संकेतक बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, वैकल्पिक मार्ग तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं आवश्यकता पड़ने पर प्रभावी रूट डायवर्जन योजना लागू करने के निर्देश भी दिए। ताकि यातायात सुचारु बना रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डॉ. ख्याति गर्ग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं एक सप्ताह के अंदर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाएं तथा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए जिससे छोटी काशी गोला आने वाले श्रद्धालुओ को शिव मंदिर के सुरक्षित,सहज और सुगमता से श्रद्धालु दर्शन कर अपने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित राय, क्षेत्राधिकारी गोला महक शर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात अभिमन्यु त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक गोला अम्बर सिंह, प्रभारी वीआईपी सेल रमेश पाण्डेय, प्रभारी कांवड़ सेल रवीन्द्र पाण्डेय, यातायात प्रभारी सचिन गंगवार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment