फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2026 दरीबा पश्चिम स्थित वाल्मीकि मंदिर के समीप नवनिर्मित वाल्मीकि संस्कार समिति वृद्धाश्रम का सोमवार को क्षेत्रीय अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर विधायक का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान तथा देखभाल करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे वृद्धाश्रम उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए आशा का केंद्र बनते हैं, जिन्हें सहारे और सम्मानजनक वातावरण की आवश्यकता होती है।
वृद्धाश्रम के संस्थापक करतार सिंह वैष्णव वाल्मीकि ने बताया कि यह आश्रम बेसहारा एवं वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित आश्रय, परिवार जैसा वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि आश्रम में रहने, भोजन और प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन के बाद विधायक ने आश्रम परिसर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आश्रम संचालन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को वरिष्ठ नागरिकों की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
समिति की ओर से जानकारी दी गई कि वृद्धाश्रम में रहने के लिए अब तक लगभग 10 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 5 वरिष्ठ नागरिक आश्रम में रहना शुरू भी कर चुके हैं। उनके रहने और भोजन की उचित व्यवस्था कर दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान संस्थापक करतार सिंह वैष्णव वाल्मीकि ने निर्माण एवं संचालन में सहयोग देने वाले समाजसेवियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “बुजुर्गों की सेवा ही ईश्वर की सबसे बड़ी पूजा है। समाज के हर व्यक्ति को वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण में अपना योगदान देना चाहिए।”
इस अवसर पर अमरदीप, पवन कुमार, शानू, सुनील कुमार, राहुल कुमार, राज किशोर, विकास, प्रभात सिंह, करन सागर, गौरव कुमार, प्रदीप कुमार, नरवीर, मनोज कुमार, फूल सिंह, राकेश चौधरी, कालीचरण, कुलदीप भगत, राजू, महेश ड्राइवर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के लिए भंडारा वितरण का आयोजन भी किया गया।
