लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) जनपद में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को पूरी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने 14 वर्ष पूर्ण कर चुकीं और 15वें वर्ष में प्रवेश कर चुकीं बालिकाओं के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया है। इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत लखीमपुर खीरी जिले में लगभग 12 हजार 800 किशोरियों को टीकाकरण के सुरक्षा कवच से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है, ताकि भविष्य में उन्हें इस जानलेवा बीमारी के खतरे से पूरी तरह महफूज रखा जा सके। उन्होंने आम जनमानस से अपनी बच्चियों को इस लगवाने की अपील भी की है। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों की संयुक्त टीमों के माध्यम से इस अभियान को जिले के गांव-गांव और सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है। टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों और जिला महिला अस्पताल समेत विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि एचपीवी टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सीएमओ ने जनपद के सभी अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और समय से उनका टीकाकरण अवश्य कराएं। उनके अनुसार यह टीका पूरी तरह सुरक्षित, प्रामाणिक और निशुल्क है, जिसे प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा ही लगाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जमीनी स्तर पर जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार ब्लॉक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक किशोरियों को इसका लाभ मिल सके। इसके लिए सीएमओ ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से भी इस पुनीत अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, देश में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर तेजी से बढ़ती एक गंभीर चिंता का विषय बन रहा है। ऐसे में लखीमपुर खीरी जनपद में चलाया जा रहा यह विशेष टीकाकरण अभियान बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य और महिला सशक्तिकरण की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की एक बेहद महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल माना जा रहा है। सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने आम जनमानस से अपील की है कि एचपीवी वैक्सीन अपनी बच्चियों को जरूर लगवाएं यह पूरी तरह से सुरक्षित है। अब तक जनपद में कुल 375 किशोरियां इस वैक्सीन को लगवा चुकीं है और वह स्वस्थ है। निजी क्षेत्र में इस वैक्सीन की कीमत 4000 रुपए से अधिक है जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसे पूरी तरह से निशुल्क लगवा रहा है। यह आपकी बच्ची को बच्चेदानी के मुंह के कैंसर से सुरक्षित रखती है उसके खतरे को कम करती है।
लखीमपुर खीरी : एचपीवी टीका किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में कारगर
