Friday, 30 October 2026 | 5:48 PM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : शारदा बैराज पर विसर्जन व्यवस्था परखी, सुरक्षा में ढिलाई न बरतने के निर्देश

डीएम ने घाट का किया निरीक्षण, बैरिकेडिंग से लेकर गोताखोरों और फ्लड पीएसी की तैनाती तक की समीक्षा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि, विसर्जन के दौरान मुस्तैद रहे प्रशासन और पुलिस : डीएम
Share:
लखीमपुर खीरी : शारदा बैराज पर विसर्जन व्यवस्था परखी, सुरक्षा में ढिलाई न बरतने के निर्देश
निरीक्षण की तस्वीर
लखीमपुर खीरी: नवरात्र समापन और विजयदशमी के अवसर पर मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शारदा बैराज स्थित विसर्जन घाट पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और राहत-बचाव की तैयारियों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने विसर्जन स्थल का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से पड़ताल की। घाट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा घेरे और पुलिसकर्मियों की तैनाती की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता के साथ संचालित की जाएं।

*गोताखोरों और फ्लड पीएसी की तैनाती पर विशेष नजर*
नदी किनारे सुरक्षा के मद्देनजर तैनात गोताखोरों, फ्लड पीएसी और राहत-बचाव दल की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। घाट पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन प्रक्रिया के दौरान लगातार निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहें।

डीएम ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मूर्ति विसर्जन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवा राजू आर, एसडीएम धौरहरा राशि कृष्णा, प्रभारी निरीक्षक शारदा नगर सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।