‘कुंग फू हसल’ के अभिनेता ब्रूस लेउंग का 77 साल की उम्र में निधन, जैकी चैन ने जताया दुख

मशहूर मार्शल आर्टिस्ट और ‘कुंग फू हसल’ के अभिनेता ब्रूस लेउंग का 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्हें लेउंग सिउ-लंग के नाम से भी जाना जाता था। यह जानकारी सीएनए लाइफस्टाइल ने दी है। रिपोर्ट के अनुसार, ब्रूस लेउंग का निधन 14 जनवरी 2026 को अज्ञात कारणों से हुआ। उनके परिवार ने अंतिम संस्कार की व्यवस्था कर रखी है, जबकि अंतिम विदाई समारोह 26 जनवरी को चीन के शेन्जेन के लोंगगांग जिले में आयोजित किया जाएगा।

एक भावुक विदाई संदेश में लेउंग के डौयिन (टिकटॉक की चीन स्थित सहयोगी कंपनी) अकाउंट पर भी एक संदेश पोस्ट किया गया है, जो दिवंगत अभिनेता की ओर से लिखा गया मालूम होता है। इसमें लिखा गया, ‘मैं एक फिल्म बनाने के लिए बहुत दूर चला गया हूं। अलविदा कहे बिना जाने के लिए मुझे क्षमा करें। बस इतना समझ लीजिए कि मैं एक फिल्म की शूटिंग के लिए बहुत दूर गया हूं। मैंने इसे गुप्त रखने का इरादा किया था, इसलिए मेरे करीबी शिष्य ने हमेशा की तरह वीडियो पोस्ट करना जारी रखा। मुझे थोड़ा रहस्य बनाए रखना पसंद है। मेरी ओर से आप खुश रहें। प्यार हमेशा आपके साथ है। याद रखें कि मैं आप सभी से प्यार करता हूं।’

अभिनेता के निधन पर दुख जताते हुए ‘कुंग फू हसल’ के निर्देशक और अभिनेता स्टीफन चाउ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘श्री लियुंग सिउ-लंग को हमेशा याद रखेंगे। दिग्गज अभिनेता जैकी चैन ने भी सोशल मीडिया पर दिवंगत अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ‘एक पल के लिए तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ और मैं यकीन करना भी नहीं चाहता था। वे हमेशा से कुंग फू के उस्ताद थे, जो पारंपरिक मार्शल आर्ट की कई विधाओं में निपुण थे और हर विधा में अपनी अनूठी शैली को अभिव्यक्त करने में सक्षम थे। उन्होंने अपने जीवन भर के ज्ञान को फिल्म और टेलीविजन में लागू किया और एक शानदार एक्शन डायरेक्टर बने। साथ ही एक अभिनेता के रूप में उन्होंने कई क्लासिक भूमिकाओं को जिंदा किया, जिन्हें दर्शकों ने दिल से सराहा और हम जैसे साथी कलाकारों ने भी उनकी बहुत प्रशंसा की। भाई लियुंग बीजिंग में बर्फ गिर रही है। आसमान उदास है और मैं आपके बारे में सोच रहा हू।’