मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कर्मचारियों को मिलेगी छुट्टी
कासगंज। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 में मतदान करने वाले कर्मचारियों को 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होना निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न विभागों, विभागाध्यक्षों, स्थानीय निकायों एवं अर्द्धशासकीय विभागों में कार्यरत ऐसे कर्मचारी, जो स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता हैं, उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य किया जाएगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य संबंधित कर्मचारियों को मतदान में भाग लेने का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।