कासगंज: आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद कासगंज में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं समायोजन के बाद आलेख्य सूची प्रकाशित कर दी गई है। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 806 मतदान केंद्रों पर 1190 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। सूची पर नागरिक, जनप्रतिनिधि और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल तीन दिन के भीतर अपनी आपत्ति एवं सुझाव दर्ज करा सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पूर्व यह प्रक्रिया पूरी की गई है। विधानसभा क्षेत्रवार प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार कासगंज में 262 मतदान केंद्रों पर 417 मतदेय स्थल, अमांपुर में 267 मतदान केंद्रों पर 372 मतदेय स्थल और पटियाली में 277 मतदान केंद्रों पर 401 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं।
उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट kasganj.nic.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा संबंधित तहसीलों के उप जिलाधिकारी कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय, कासगंज में भी सूची का अवलोकन किया जा सकता है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे प्रस्तावित सूची का बारीकी से अवलोकन करें। किसी मतदेय स्थल के संबंध में आपत्ति या सुझाव होने पर उसे तीन दिवस के भीतर संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में लिखित रूप से प्रस्तुत करें। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सके।