कानपुर:सम्यक पार्टी ने संगठन विस्तार और लोकतांत्रिक विचारधारा को लेकर कीं महत्वपूर्ण बैठकें, नए पदाधिकारियों की हुई नियुक्ति

कानपुर देहात/प्रयागराज। सम्यक पार्टी द्वारा शनिवार को कानपुर देहात एवं प्रयागराज में अलग-अलग संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में संगठन विस्तार, आगामी रणनीति तथा पार्टी की लोकतांत्रिक विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष चर्चा की गई।

कानपुर देहात जनपद के ग्राम करसुआ में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय सचिव डॉ. भानु प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. अनिल राठौर, प्रदेश सचिव श्रीराम राजपूत एवं डॉ. हरि पूजन ने जिला अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह के साथ संगठन की मजबूती और गांव-गांव तक पार्टी के विस्तार की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे और पार्टी की नीतियों में रुचि दिखाई।

इसी क्रम में प्रयागराज गंगापार क्षेत्र के बृज मंगल कुशवाहा इंटर कॉलेज, बलरामपुर बरेठी में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य, राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध सहित अनेक शिक्षकों ने भाग लिया। बैठक का आयोजन बौद्धिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राज अतुल ने किया। इस अवसर पर ज्ञानेन्द्र कुमार कुशवाहा को प्रयागराज गंगापार का जिला अध्यक्ष तथा संतोष कुमार कुशवाहा को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

प्रयागराज महानगर में आयोजित एक अन्य बैठक में पत्रकार संतोष यादव को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य, राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध, राष्ट्रीय सचिव एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता दयाशंकर पटेल तथा राष्ट्रीय सचिव एवं विधानसभा उम्मीदवार अमित मौर्य, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जवाहर लाल, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रियंका साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठकों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सम्यक पार्टी की पूर्ण लोकतांत्रिक विचारधारा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पूर्ण लोकतांत्रिक पार्टी का अर्थ है कि संगठन और विचारधारा—दोनों स्तरों पर लोकतांत्रिक व्यवस्था लागू हो। संगठन में पार्टी प्रमुख सहित प्रत्येक पद पर निश्चित कार्यकाल के बाद नेतृत्व परिवर्तन हो, जबकि वैचारिक स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, समता, समानता, भ्रातृत्व, कानून व्यवस्था और सामाजिक न्याय जैसे जनसरोकारों को प्रमुख मुद्दा बनाया जाए।

पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सम्यक पार्टी को प्रदेशभर में तेजी से विस्तार देने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करें।

Leave a Comment