कन्नौज:डायल-112 की सूचनाओं का दुरुपयोग कर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जून 2026 जनपद पुलिस ने डायल-112 से जुड़ी सूचनाओं का दुरुपयोग कर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी खुद को डायल-112 मुख्यालय का कर्मचारी बताकर घटनाओं की जानकारी जुटाते थे और फिर शिकायतकर्ताओं को अपने झांसे में लेकर उनसे धनराशि ठग लेते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पीआरवी कर्मियों से संपर्क कर विभिन्न घटनाओं और शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर प्राप्त करते थे। इसके बाद वे पीड़ितों को फोन कर स्वयं को कभी पुलिसकर्मी, कभी लेखपाल और कभी अधिवक्ता बताकर उनका विश्वास जीतते थे। आरोपी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण और कानूनी सहायता का झांसा देकर लोगों से अपने बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करा लेते थे।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहे थे और प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय थे। पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर पुलिस ने शाहजहांपुर निवासी अमन तिवारी उर्फ मुल्ली और रामवीर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से फर्जी अधिवक्ता पहचान पत्र, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि यह गिरोह सरकारी तंत्र से जुड़ी सूचनाओं का दुरुपयोग कर लोगों को धोखा देता था। कन्नौज पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। साथ ही पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते में धनराशि ट्रांसफर न करें और संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

कन्नौज पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई ऑनलाइन ठगी करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश मानी जा रही है और इससे आम लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।

Leave a Comment