सम्यक पार्टी के चौथे राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए के. के. मौर्य

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज महानगर में आयोजित पार्टी के चौथे राष्ट्रीय अधिवेशन में सर्वसम्मति से के. के. मौर्य को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। वह पार्टी के चौथे राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष तपेन्द्र प्रसाद शाक्य, दूसरे डॉ. शिव प्रसाद विश्वकर्मा और तीसरे राष्ट्रीय अध्यक्ष राजामणि सुब्बैया राय रहे। राजामणि सुब्बैया राय ने समय के अभाव के कारण कार्यकाल पूरा होने से पहले ही त्याग पत्र दे दिया था। अतः पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाया गया और नये राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हुआ।

के. के. मौर्य शुरुआत से ही सम्यक पार्टी से जुड़े रहे हैं। वह पार्टी में निचले स्तर से शुरुआत करके लम्बे अनुभव के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। वह सबसे पहले देवीपाटन मंडल के अध्यक्ष बने थे। उसके बाद प्रदेश सचिव, प्रदेश महासचिव और राष्ट्रीय महासचिव संगठन रहे हैं। वर्तमान में वह पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव का कार्यभार देख रहे थे।

के. के. मौर्य ने बसपा में भी कार्य किया है। वह बसपा में भाई-चारा संगठन के बलरामपुर विधानसभा अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और बलरामपुर विधानसभा के अध्यक्ष रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि उनके लम्बे राजनैतिक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा, पार्टी का संगठन मजबूत होगा और पार्टी भावी चुनावों में सफलता प्राप्त करेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा, राष्ट्रीय मार्गदर्शक मंडल के अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शिव प्रसाद विश्वकर्मा चुने गये। पार्टी संविधान के अनुसार राष्ट्रीय परिषद ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए सदस्यों का भी चुनाव किया, जिन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पदाधिकारी बनाया जाएगा।

पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के अधिकांश सदस्यों के अलावा अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय परिषद में मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने भाग लिया। चुनाव के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपना एजेंडा रखा। फिर राष्ट्रीय मार्गदर्शक मंडल के अध्यक्ष डॉ. शिव प्रसाद विश्वकर्मा और राष्ट्रीय मार्गदर्शक मंडल के सदस्य तपेन्द्र प्रसाद शाक्य ने सभी का मार्गदर्शन किया। पार्टी से जुड़े नए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन चुनाव अधिकारी और राष्ट्रीय महासचिव संगठन प्रोफेसर राम सिंह ने किया। अधिवेशन का आयोजन पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जवाहर लाल और प्रयागराज महानगर कार्यकारिणी द्वारा किया गया था। उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जवाहर लाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ अधिवेशन का समापन हुआ।

Leave a Comment