जौनपुर :सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के आह्वान पर नये अंदाज में मना अखिलेश यादव का जन्मदिन


जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन बिल्कुल नये अन्दाज में मनाया गया। ग्रीष्मकालीन अवकाश के पश्चात सभी प्राइमरी एवं माध्यमिक विद्यालयों में पुनः नये सिरे से पठन-पाठन का कार्य प्रारम्भ होता है। ऐसे में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के आह्वान पर उनके प्रतिनिधि मनोज कुमार मौर्य एवं जिलाध्यक्ष जन अधिकार पार्टी पवन मौर्य के संयुक्त नेतृत्व में प्राथमिक विद्यालय अभयचन्दपट्टी विकास खण्ड करंजाकला के बच्चों व अध्यापकों पर गुलाब के पुष्प व पंखुड़ियों की वर्षा करके उनका स्वागत किया गया। साथ ही बच्चों में कापी, पेन्सिल, रबर, सार्पनर, फल आदि जैसी आवश्यक वस्तुएं बच्चों में वितरित की गयीं।

इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार मौर्य ने कहा कि जहां आज वर्तमान भाजपा सरकार 5000 स्कूलों को मर्ज करके बन्द कर रही है, वहीं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा स्कूल की संख्या में वृद्धि एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने की बातें लगातार की जा रही हैं। श्री मौर्य ने यह भी कहा कि यदि भाजपा सरकार वन नेशन वन इलेक्शन की बात करती है तो वह ‘वन नेशन—वन एजुकेशन’ की बात क्यों भूल जाती है? प्रत्येक वर्ष किताबें बदली जाती हैं। पाठ्यक्रम संशोधन व नई किताबों का बोझ अभिभावकों के जेब पर अतिरिक्त भार बढाता जा रहा है। नई किताबों के मुद्रण हेतु वनों की अंधाधुंध कटाई हो रही है जिससे पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। ग्लोबल वार्मिंग व बीमारियां निरन्तर बढ़ती जा रही हैं। परिणामस्वरूप प्रत्येक कस्बे व बाजार में निजी चिकित्सालयों की संख्या में लगातार वृद्धि होती जा रही है परन्तु सरकार इन सभी को नजरअंदाज कर पर्यावरण व औद्योगीकरण की बात कर रही है। इस अवसर पर आनन्द कुशवाहा कार्यालय प्रभारी के अलावा शैलेश मौर्य प्रधान, प्रधान पुत्र रोहित यादव, हाजी मोहम्मद इमरान, प्रभाकर मौर्य, प्रवीण मौर्य, जितेन्द्र मौर्य, राय साहब यादव, अंकित यादव, आर्यन मौर्य, शनी यादव सहित प्राथमिक विद्यालय अभयचन्दपट्टी के शिक्षक आदि मौजूद रहे।