Tuesday, 03 November 2026 | 2:21 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की, खाद की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

फर्रुखाबाद में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से समन्वय, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, खाद की कालाबाजारी व ओवररेटिंग पर कार्रवाई तथा सड़क और विद्युत व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की, खाद की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24)  

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के मंत्री एवं जनपद फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, कानून व्यवस्था तथा जनसमस्याओं के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती मोनिका यादव, सदर विधायक श्री सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक श्री सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक श्री नागेंद्र सिंह राठौर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद्र वर्मा उपस्थित रहे।
दीपावली के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जिला प्रशासन की ओर से प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह को भगवान श्री गणेश एवं माता लक्ष्मी की प्रतिमा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद के निर्देश
बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तरीय अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित कर कार्य करें। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई जाने वाली जनसमस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
607345

पात्र लाभार्थियों को ही मिले योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि योजना का लाभ केवल निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले लाभार्थियों को ही दिया जाए। लाभार्थियों के चयन में शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
फैमिली आईडी योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी के माध्यम से पात्र परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।

खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर होगी कार्रवाई

उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने खाद की उपलब्धता एवं वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद की ओवररेटिंग, कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा नियमों के विपरीत वितरण करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद की कालाबाजारी या अनियमित वितरण की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के साथ जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
सहायक आयुक्त एवं निबंधक को निर्देश दिए गए कि किसी भी सहकारी समिति पर खाद का भंडारण शून्य न रहे और किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप समय से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
सड़क और विद्युत व्यवस्था पर विशेष जोर
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने नई सड़कों के निर्माण एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी तथा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
दीपावली पर्व के दृष्टिगत विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्थानीय फॉल्ट एवं तकनीकी कारणों से आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
607344

जिला विकास अधिकारी ने प्रस्तुत की योजनाओं की प्रगति

बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री श्याम कुमार तिवारी ने विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने विभागवार योजनाओं, लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभ तथा विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, कृषि यंत्र, मिनी किट, नियुक्ति पत्र एवं आवास की चाबियां वितरित की गईं।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गईं।
606324

उद्यान विभाग के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को चेक तथा 10 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए।

कृषि विभाग के अंतर्गत दो लाभार्थियों को कृषि यंत्र तथा पांच लाभार्थियों को मिनी किट वितरित की गईं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए रिवॉल्विंग फंड के चेक वितरित किए गए।
607399
समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के पांच पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
पंचायती राज विभाग के अंतर्गत तीन सफाई कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को नवनिर्मित आवासों की चाबियां प्रदान की गईं।
वहीं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।
प्रभारी मंत्री ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण एवं आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने के प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनप्रतिनिधियों के सुझावों एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री दिनेश कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी श्री राजीव कुमार, उप निदेशक कृषि श्री अरविंद मोहन, जिला पंचायतराज अधिकारी श्री अविनाश चंद, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती शालिनी, उपायुक्त उद्योग श्रीमती सोनल जिंदल, सहायक निदेशक मत्स्य श्रीमती सुप्रिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।