जसप्रीत बुमराह ने तीनों फॉर्मेट में ‘शतक’ लगाकर रचा इतिहास

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बीती रात यानी 9 दिसंबर, 2025 को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीकी टीम को 101 रनों से रौंदकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए, दक्षिण अफ्रीकी टीम को 176 रनों का लक्ष्य दिया. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की बैटिंग ऑर्डर भारतीय गेंदबाजों के आगे नहीं टिक सकी और पूरी टीम महज 74 रन पर ढेर हो गई. ये टी20 इंटरनेशनल में दक्षिण अफ्रीका का सबसे छोटा स्कोर है. वहीं, प्रोटियाज टीम को इतने छोटे स्कोर पर ऑल आउट करने में जसप्रीत बुमराह ने दो विकेटों का योगदान दिया. इस मुकाबले में अपना पहला विकेट लेते ही बुमराह ने टी20 इंटरनेशनल में विकेटों का शतक लगा दिया और साथ ही एक ऐसा ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो अब तक भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कोई गेंदबाज नहीं कर पाया था.

कटक में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में डेवाल्ड ब्रेविस का विकेट चटकाते ही बुमराह ने टी20 इंटरनेशनल में विकेटों का शतक पूरा किया. इस फॉर्मेट में अर्शदीप सिंह के बाद बुमराह 100 विकेट पूरे करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए. ये उपलब्धि अर्शदीप ने इसी साल हासिल की थी. इस समय अर्शदीप भारत के लिए सबसे ज्यादा T20I विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. वहीं, बुमराह 101 विकेट के साथ लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं.

जसप्रीत बुमराह उस खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिसमें अब तक दुनिया के सिर्फ चार गेंदबाजों का नाम मौजूद है. क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में विकेटों का शतक लगाने का कारनामा करने वाले बुमराह दुनिया के 5वें गेंदबाज हैं. ये रिकॉर्ड सबसे पहले लसिथ मलिंगा ने बनाया था. इनके अलावा इस लिस्ट में टीम साउदी, शाकिब अल हसन और शाहीन अफरीदी का नाम शामिल है.