यूलिया वंतूर का पहला रोमेनियन सॉन्ग ‘कोलिंदे, हुआ कोरिंदे’ रिलीज

यूलिया वंतूर ने अपना पहला रोमानियन सॉन्ग कोलिंदे, कोरिंदे रिलीज कर दिया है, जिसे दर्शकों से काफी प्यार मिल रहा है. रोमेनियन टेलीविजन पर लोकप्रिय चेहरा बनने और पिछले 14 सालों से बॉलीवुड में सफल करियर बनाने के बाद यूलिया ने पहली बार अपनी मातृभाषा में गीत गाया है. इस खास कैरल को पहली बार वेटिकन में पॉल VI हॉल में प्रस्तुत किया गया, जहां पोप लियो XIV की मौजूदगी में और दुनिया भर के प्रमुख आध्यात्मिक नेताओं के सामने इसका प्रदर्शन हुआ. यह प्रस्तुति नोस्त्रा एताते के 60 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित भव्य समारोह का हिस्सा थी.

यूलिया वंतूर ने इस गीत को अपने लिए एक सपना सच होने जैसा बताया. उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से रोमानियन भाषा में गाना चाहती थीं और उन्हें बेहद खुशी है कि उनका पहला रोमानियन गीत एक क्रिसमस कैरल है. उनके लिए कैरल बचपन, घर, रोमानिया और अपने माता पिता से जुडाव का प्रतीक हैं. यूलिया ने बताया कि वह हर साल दुनिया के किसी भी कोने में हों, अपने माता पिता के लिए क्रिसमस कैरल जरूर गाती हैं. वीडियो कॉल पर गाए जाने वाले ये गीत उनके परिवार की एक खास परंपरा बन चुके हैं, जो हर बार भावुक कर देते हैं.