टेस्ट में विराट से संन्यास वापस लेने की हो रही मांग? होगा ’21वीं शताब्दी’ का सबसे बड़ा कमबैक!

2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद जब विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी20 फॉर्मेट से संन्यास लिया, तब फैंस ने खुशी-खुशी उन्हें अलविदा कहा था. मगर जब मई 2025 का महीना आया, तो 6 दिन के भीतर भारतीय क्रिकेट फैंस को 2 बड़े झटके लगे. विराट कोहली और रोहित शर्मा ने अचानक टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले ली थी. एक तरफ BCCI रोहित और विराट के वनडे क्रिकेट में भविष्य को लेकर बैठक करने की तैयारी में है, दूसरी ओर टेस्ट में विराट कोहली से संन्यास वापस लेने की मांग उठने लगी है.

पिछले एक साल के भीतर टेस्ट मैचों में भारतीय टीम लगातार फ्लॉप प्रदर्शन कर रही है. साल 2025 की ही बात कर लें, तो भारतीय टीम ने 10 टेस्ट खेले हैं, जिनमें उसे 4 जीत और पांच बार शिकस्त का सामना करना पड़ा है. जबकि उसका एक मैच ड्रॉ रहा.

सोशल मीडिया पर विराट कोहली से संन्यास वापस लेने की मांग उठने लगी है. एक व्यक्ति ने BCCI का हवाला देते हुए कहा कि उसने विराट कोहली से टेस्ट रिटायरमेंट वापस लेने की मांग कर डाली है. इस व्यक्ति ने यह भी कहा कि अगर विराट वापस आते हैं तो यह सबसे बड़ा कमबैक होगा. एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि विराट कोहली अगर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज में अच्छा कर पाए, तो वो टेस्ट रिटायरमेंट वापस ले लेंगे. ये दावे सिर्फ सोशल मीडिया पर किए जा रहे हैं, दस्तक 24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.