साल 2025 में मोहित सूरी ने ‘सैयारा’ जैसी ब्लॉकबस्टर रोमांटिक फिल्म दी। इसे मोहित की बड़े पर्दे पर वापसी माना गया। इसके बाद से ही फैंस मोहित सूरी के अगले प्रोजेक्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बीते दिनों ऐसी खबरें आईं कि मोहित ‘आशिकी 2’ और ‘मलंग’ के बाद एक बार फिर आदित्य रॉय कपूर के साथ कोई नया प्रोजेक्ट ला रहे हैं।
बॉम्बे टाइम्स के साथ हालिया बातचीत में मोहित सूरी ने आदित्य रॉय कपूर के साथ फिर से काम करने की खबरों को अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि आदित्य रॉय कपूर और शाद रंधावा के साथ उनकी मुलाकात सिर्फ क्रिकेट खेलने के लिए होती है। निर्देशक ने कहा कि आदित्य मेरे घनिष्ठ मित्र हैं, लेकिन काम के सिलसिले में हमारी कभी मुलाकात नहीं हुई। जिस स्क्रिप्ट पर मैं काम कर रहा हूं, वह अभी तैयार भी नहीं है और उस पर कोई चर्चा भी नहीं हुई है। मैं जो स्क्रिप्ट लिख रहा हूं, वह आदित्य रॉय कपूर के लिए नहीं है। स्क्रिप्ट और कलाकारों के फाइनल हो जाने के बाद ही मैं सब कुछ बताऊंगा।
इससे पहले आदित्य रॉय कपूर भी मोहित सूरी के साथ काम करने की खबरों को खारिज कर चुके हैं। आदित्य का कहना है कि मोहित और मेरी मुलाकात सिर्फ क्रिकेट के मैदान पर ही होती है, जहां मैं उसे क्लीन बोल्ड कर देता हूं। इसलिए वहां से मुझे कोई रोल मिलने वाला नहीं है।
