मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब क्रिकेट पर भी दिखाई देने लगा है. ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष और क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल को बड़ा फैसला लेना पड़ा है. आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्डकप लीग 2 के छह मुकाबलों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है.
ये सभी मुकाबले 10 मार्च से नेपाल में आयोजित होने थे, लेकिन यात्रा और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण इन्हें अगली सूचना तक टाल दिया गया है. अब इन मैचों के लिए नई तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा.
शेड्यूल के अनुसार ये सभी मैच त्रिभुवन विश्वविद्यालय इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाने थे. यहां 10 मार्च से 20 मार्च के बीच कुल छह वनडे मुकाबले आयोजित होने थे. इस सीरीज में नेपाल, ओमान और यूएई के बीच मुकाबले खेले जाने थे. इन तीनों टीमों को नेपाल पहुंचकर इस त्रिकोणीय सीरीज में हिस्सा लेना था. हालांकि मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के कारण हवाई यात्रा को रोक दिया गया है. कई रूट बंद होने और सुरक्षा चिंताओं की वजह से टीमों का नेपाल पहुंचना मुश्किल हो गया. इसी कारण इन मुकाबलों को रोकने का निर्णय लिया गया है.
