BCCI ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले 20 मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया है. पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. IPL 2026 का पहला मैच बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. बाकी मैचों का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा. तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों को देखते हुए बीसीसीआई आगे के शेड्यूल पर कोई फैसला लेगी.
चेन्नई सुपर किंग्स से लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स समेत कई अन्य टीमों ने पहले ही IPL 2026 के लिए तैयारी शुरू कर दी है और खिलाड़ी ट्रेनिंग कैंप्स में जमकर पसीना बहा रहे हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू गत चैंपियन के रूप में खेलने उतरेगी, जिसे 28 मार्च को सबसे पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के साथ खेलना है.
पहले चरण के इस शेड्यूल में 10 मैदानों पर कुल 20 मैच खेले जाएंगे. ये मैच बेंगलुरू, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद में खेले जाएंगे.
इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम अपने 5 घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेलेगी, जबकि 2 घरेलू मैच रायपुर में खेलेगी. बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैचों पर अभी भी संकट टला नहीं है. पिछले साल RCB की जीत के बाद इस मैदान के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी. बेंगलुरू में मैच तभी संभव होंगे, जब कर्नाटक सरकार द्वारा गठित एक्सपर्ट कमिटी से मंजूरी मिल जाएगी.
