फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 फरवरी 2026 जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आलेख्य निर्वाचक नामावली एवं एएसडीडीआर सूची का सार्वजनिक वाचन भी कराया तथा बीएलओ के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण की शुरुआत विधानसभा क्षेत्र सदर फर्रुखाबाद से की गई, जहां मतदेय स्थल क्रिश्चियन इंटर कॉलेज एवं बद्री विशाल पीजी कॉलेज का निरीक्षण किया गया। यहां मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य, दावा एवं आपत्तियों की स्थिति तथा आवश्यक अभिलेखों के रख-रखाव की जांच की गई।
विधानसभा भोजपुर क्षेत्र में जिलाधिकारी ने विकास खंड मोहम्मदाबाद स्थित मतदेय स्थल, प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदाबाद तथा जूनियर हाई स्कूल रोहिला का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र नागरिकों के नाम शत-प्रतिशत मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएं और किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।
विधानसभा अमृतपुर के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय नगला हीरा सिंह नवाबगंज तथा विधानसभा कायमगंज के संविलियन विद्यालय वीरपुर नवाबगंज एवं प्राथमिक विद्यालय समेचीपुर में भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी स्थानों पर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष अभियान दिवसों पर अधिक से अधिक नागरिकों को जागरूक कर नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, साथ ही मृत, स्थानांतरित या दोहराव वाले नामों का नियमानुसार निराकरण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
