फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा थाना मऊदरवाजा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, आगंतुक रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, मालखाना तथा बंदी गृह का गहन परीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा गंभीर मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
महिला संबंधित प्रकरणों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी ने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। साथ ही सीसीटीएनएस प्रणाली, बीट पुलिसिंग व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की वर्तमान स्थिति का आकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, थाना परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन के साथ शिष्ट, पारदर्शी एवं उत्तरदायी व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा आवश्यक है।
