भारतीय टीम ने अब तक अफगानिस्तान के खिलाफ कई बार ICC टूर्नामेंट और एशिया कप जैसे बड़े मंचों पर वनडे मुकाबले खेले हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच आज तक कोई भी द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं खेली गई है. यही वजह है कि जून 2026 में होने वाली यह तीन मैचों की ODI सीरीज इतिहास में पहली बार दर्ज होगी.
इस दौरे की शुरुआत एकमात्र टेस्ट मैच से होगी. न्यू चंडीगढ़ में 6 जून से 10 जून के बीच दोनो टीमों आमने-सामने होंगी. भारत और अफगानिस्तान के बीच यह सिर्फ दूसरा टेस्ट मुकाबला होगा. इससे पहले दोनों टीमों के बीच सिर्फ एक ही टेस्ट खेला गया था, जो साल 2018 में हुआ था. यही नहीं 2018 का ये टेस्ट अफगानिस्तान क्रिकेट इतिहास का पहला टेस्ट भी था.
जून में शुरू होगा वनडे एक्शन
इस टेस्ट मैच के बाद दोनों के बीच 14 जून से ऐतिहासिक वनडे सीरीज भी खेली जाएगी. जिसका पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच लखनऊ में और तीसरा मुकाबला चेन्नई में आयोजित होगा. यह सीरीज अफगानिस्तान टीम के लिए बड़ी परीक्षा साबित हो सकती है, क्योंकि उन्हें दुनिया की मजबूत टीमों में से एक भारत के खिलाफ उसकी सरजमीं पर खेलने का मौका मिलेगा.
भारत-अफगानिस्तान का ODI शेड्यूल
पहला वनडे मैच: 14 जून 2026, धर्मशाला
दूसरा वनडे मैच: 17 जून 2026, लखनऊ
तीसरा वनडे मैच: 20 जून 2026, चेन्नई
वहीं टीम इंडिया के लिए यह सीरीज 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों की दिशा में पहला कदम मानी जा रही है. घरेलू परिस्थितियों में नई रणनीति और खिलाड़ियों को आजमाने का यह बेहतरीन मौका होगा.
