IND vs NZ T20 Series: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी-20 में लगे कितने छक्के, टीम इंडिया ने एक ही सीरीज में मचा दिया तूफान

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला भारतीय क्रिकेट के इतिहास में खास बन गया. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने न सिर्फ 46 रन से जीत दर्ज की, बल्कि बल्लेबाजी के दम पर ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो इससे पहले किसी भी द्विपक्षीय टी20 सीरीज में देखने को नहीं मिला.

इस मुकाबले में टीम इंडिया ने छक्को की झड़ी लगा दी.भारतीय बल्लेबाजों ने मिलकर कुल 23 छक्के जड़ दिए. इनमें से ईशान किशन ने अकेले ही 10 छक्के लगा दिए थे. हालांकि असली कहानी सिर्फ एक मैच तक सीमित नहीं रही. पूरी सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 69 छक्के जड़ दिए.

यह किसी भी द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में एक टीम द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड 64 छक्कों का था, जो इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज था. भारत ने इस आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए नया बेंचमार्क सेट कर दिया है.