Friday, 30 October 2026 | 7:31 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज जूनियर बालिका वर्ग में दीक्षा, बालक वर्ग में प्रांशु बने न्याय पंचायत चैंपियन

Share:
कासगंज जूनियर बालिका वर्ग में दीक्षा, बालक वर्ग में प्रांशु बने न्याय पंचायत चैंपियन


विधायक हरिओम वर्मा ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर किया सम्मानित

अमांपुर (कासगंज)। न्याय पंचायत जाटऊ-अशोकपुर की बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय अभयपुरा में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में नगला यादकरन की दीक्षा ने जूनियर बालिका वर्ग और अभयपुरा के प्रांशु ने जूनियर बालक वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक हरिओम वर्मा और खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद विधायक ने 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। स्पर्धाओं में विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाई तेजी

प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में कुलदीप ने प्रथम, मोहित ने द्वितीय और राम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 और 200 मीटर दौड़ में यशपाल प्रथम तथा प्रांजल द्वितीय स्थान पर रहे। प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में गुड़िया और 100 व 200 मीटर दौड़ में प्रियांशी ने प्रथम स्थान हासिल किया।

प्राथमिक बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में डोर्रा की टीम विजेता रही, जबकि बालिका वर्ग में जवाहरपुर की टीम ने बाजी मारी।

जूनियर वर्ग में दीक्षा और प्रांशु का दबदबा

जूनियर बालक वर्ग की 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में प्रांशु ने प्रथम तथा अनुज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में संध्या प्रथम और दीक्षा द्वितीय रहीं, जबकि 200 और 400 मीटर दौड़ में दीक्षा ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

लंबी कूद प्रतियोगिता के प्राथमिक बालक वर्ग में ग्रीस, बालिका वर्ग में प्रियांशी, जूनियर बालक वर्ग में प्रांशु और जूनियर बालिका वर्ग में संध्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

शिक्षकों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

प्रतियोगिता के आयोजन में ब्लॉक पीटीआई मुनेश राजपूत सहित ओम शिव वर्मा, रामपाल सिंह, हरीश लोधी, नोडल शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, हृदेश कुमारी, अनुज प्रताप सिंह, सुनील कुमार, अमित कुमार, गौरव, यादराम, शिवेंद्र, जसवीर, उषा, बीना, ऋचा, योगेंद्र, हरि सिंह और विकास सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।

प्रतियोगिता में बच्चों के उत्साह और प्रदर्शन ने साबित किया कि ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित होता है। साथ ही, उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।