ईशान किशन ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 25 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 54 रनों की पारी खेली थी. ईशान की इस पारी ने टीम को 250 रनों से ज्यादा के टोटल तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया था. टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद टीम इंडिया को करीब 27.48 करोड़ रुपये प्राइज मनी के रूप में मिले. क्या फाइनल में अच्छी पारी खेलने वाले ईशान किशन को अलग से भी कुछ प्राइज मनी मिली?
जैसे भारतीय ओपनर संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बनने के लिए करीब 21 लाख रुपये मिले. हालांकि ईशान इस तरह का कोई प्राइज नहीं जीत सके. लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि ईशान को टीम के 27.48 करोड़ रुपये में से शेयर मिलेगा. इसके अलावा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीतने पर खिलाड़ियों को जो रकम मिलती है, वो भी टीम में ही बंटती है, जिसमें ईशान भी हिस्सा बनेंगे.
बताते चलें कि ईशान झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. उन्होंने टी20 विश्व कप से पहले अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जितवाया था. अब वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहने के लिए झारखंड सरकार की तरफ से भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को इनाम मिल सकता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि अलग से ईशान को कितनी प्राइज मनी मिलती है.
