PSL 2026 का खिताब जीतने पर बाबर आजम की टीम को मिली कितनी रकम?

पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) में बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर जाल्मी ने हैदराबाद किंग्समैन को हराकर खिताब अपने नाम किया. टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला बीते रविवार (03 मई) लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया, जिसमें पेशावर ने 5 विकेट से जीत अपने खाते में डाली. खिताब जीतने के बाद बाबर की टीम को बंपर प्राइज मनी मिली, लेकिन अगर इस प्राइज मनी की IPL से तुलना करें तो करीब 5 गुना का फर्क नजर आता है.

पाकिस्तान टी20 लीग का खिताब जीतने वाली टीम को 5 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 4.70 करोड़ भारतीय रुपये) की प्राइज मनी दी गई है. वहीं फाइनल में हारने वाली यानी रनरअप टीम को 3 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 2.80 करोड़) रुपये दिए गए हैं.

आईपीएल के पिछले सीजन यानी 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खिताब जीता था. आरसीबी को खिताब जीतने के लिए 20 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी गई थी. इस प्राइज मनी की अगर पीएसएल के मौजूदा सीजन की प्राइज मनी से तुलना की जाए, जो 4.70 करोड़ रुपये है, तो दोनों के बीच करीब-करीब 5 गुना का फर्क नजर आता है.